जायल नगरपालिका अध्यक्ष कमलेश लोमरोड़ ने संभाला पदभार, पार्षदों का हुआ स्वागत,
अध्यक्ष कमलेश लोमरोड़ ने कहा—बड़े-बड़े दावे नहीं, धरातल पर काम करना प्राथमिकता
जायल.
नवगठित जायल नगरपालिका की नवनिर्वाचित अध्यक्ष कांग्रेस की कमलेश लोमरोड़ ने गुरुवार को विधिवत रूप से अध्यक्ष पद का पदभार संभाला।
इस दौरान नगरपालिका परिसर में पार्षदों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री डॉ. मंजू देवी मेघवाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष हनुमान बांगड़ा, राजेश सांगवा, रिद्धकरण लोमरोड़, जगदीश कड़वासरा सहित जनप्रतिनिधि एवं समर्थक मौजूद रहे।
पदभार ग्रहण करने के बाद अध्यक्ष कमलेश लोमरोड़ ने कहा कि बड़े-बड़े दावे करने के बजाय धरातल पर काम करना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि जायल शहर का चहुंमुखी विकास, आमजन को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना तथा शहर की समस्याओं का समाधान करना नगरपालिका की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
कमलेश लोमरोड़ ने कहा कि नगरपालिका क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के साथ सफाई, सड़क, नाली, पेयजल और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने पार्षदों और शहरवासियों से विकास कार्यों में सहयोग करने का आग्रह किया। इस दौरान नव निर्वाचित उपाध्यक्ष संजू कुमारी सैनी सहित सभी पार्षदों का स्वागत सत्कार किया गया।