सुरक्षित सडक मार्ग (सुसमा) अभियान नियमों का प्रशिक्षण, छात्राओं को हेलमेट वितरित किये

सुरक्षित सडक मार्ग (सुसमा) अभियान नियमों का प्रशिक्षण, छात्राओं को हेलमेट वितरित किये

 सडक सुरक्षा

नागौर,8 सितंबर/सुरक्षित सडक मार्ग अभियान के तहत सोमवार को जिला परिषद सभागार में विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान छात्राओं को सडक सुरक्षा नियमों का प्रशिक्षण दिया और पंजीकृत छात्राओं को हेलमेट वित्तरित किए गए। कार्यक्रम का आयोजन सार्वजनिक निर्माण विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, राजस्थान सडक सुरक्षा सोसायटी, एमबीएम विश्वविद्यालय एवं पीयर के संयुक्त तत्वाधान में किया गया।

सार्वजनिक निर्माण विभाग के मुख्य अभियन्ता जसवन्त लाल खत्री ने बताया कि 9 अगस्त से 15 सित्तम्बर तक सम्पूर्ण प्रदेश में सुसमा अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य चयनित शहरों में 7 कि.मी. लम्बी शहरी सडक को सुरक्षित मार्ग के रूप में विकसित करना है। गुण नियन्त्रण के अधीक्षण अभियन्ता श्री अशोक कुमार खटीक ने कहा कि यह अभियान आम नागरिकों को सुरक्षा के प्रति सजग बनाने और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के लिए समर्पित है। नागौर जिला मुख्यालय पर विजय वल्लभ चौक से मूण्डवा चौराहा मानासर चौराहा होते हुए कृषि मण्डी तिराहे तक की 7 किमी सडक को सुसमा सडक के रूप में चयनित किया गया है।

कार्यक्रम में देवाराम जी विश्नोई, सुनिल गहलोत, वेदप्रकाश उपाध्याय सहित विभागीय अधिकारियों ने सडक सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर विभाग के समस्त अधीक्षण अभियन्ता, अधिशाषी अभियन्ता, सहायक अभियन्ता, एवं कनिष्ठ अभियन्ताओं सहित एनसीसी व एनएसएस कैडेटस के छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

उपस्थित छात्राओं को सडक सुरक्षा एवं जन-जागरूकता में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।