कमलेश लोमरोड़ जायल नगरपालिका बोर्ड की प्रथम निर्वाचित अध्यक्ष, कांग्रेस बागी प्रत्याशी को 5 मतों से हराकर अध्यक्ष बनी कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश लोमरोड़, सबसे कम उम्र, महज 23 वर्षीय जेन जी
जायल.
जायल नगरपालिका बोर्ड अध्यक्ष पद पर हुए मतदान के बाद सोमवार को कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश लोमरोड़ अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुई है। वार्ड 17 से 23 वर्षीय कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश को 15 मत मिले वहीं वार्ड 24 से कांग्रेस पार्षद व निर्दलीय प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी सुशीला लोमरोड़ को 10 मत मिले। कमलेश 5 मतों से विजेता रही। रिटर्निंग अधिकारी रणछोड़ लाल सोलंकी ने नव निर्वाचित अध्यक्ष को शपथ ग्रहण करवाई एवं निर्वाचन का प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया। इस दौरान नव निर्वाचित अध्यक्ष कमलेश लोमरोड़ ने कहा कि सबसे युवा को अध्यक्ष बनाकर जो भरोसा जताया है। उस पर खरा उतरने का भरसक प्रयास करूंगी। सभी वार्डों में समान रूप से सड़क, सफाई, नाली, गंदे पानी की निकासी, रोड़ लाईट, पट्टा वितरण सहित कस्बे के सौंदर्यीकरण का प्रयास किया जाएगा। सबको साथ लेकर बगैर भेदभाव विकास कार्यों पर ध्यान दिया जाएगा।
सुबह 10 बजे शुरू हुआ मतदान -
अध्यक्ष पद मतदान को लेकर नगरपालिका परिसर के चारों ओर बैरिकेडिंग की गई। तहसील चौराहे से पुराने बस स्टैंड व बस स्टैंड क्षेत्र पर बैरिकेडिंग के चलते क्षेत्र की दुकानें बंद रहीं। सबसे पहले निर्दलीय प्रत्याशी सुशीला लोमरोड़ मतदान करने पहुंची। इसके बाद भाजपा, रालोपा व निर्दलीय प्रत्याशी मतदान करने पहुंचे। लगभग 10.30 बजे कांग्रेस पार्षदों को लेकर बस तहसील चौराहे स्थित प्रवेश द्वार पर पहुंची। इस दौरान चौराहे पर भारी भीड़ ने बस को घेर लिया। पक्ष विपक्ष के समर्थकों की एक साथ भीड़ को देखकर बस पुनः लौट गई। एकबारगी माहौल तनातनी बन गया। पुलिस प्रशासन ने मौके से भीड़ को खदेड़कर प्रवेश द्वार को खाली करवाया। पुलिस उप अधीक्षक संजीव कुमार चौहान, सीआई दिलीप सहल, बड़ी खाटू थानाधिकारी हरीश सांखला ने भीड को खदेड़कर रास्ता क्लीयर करवाया। इसके बाद कांग्रेस पार्षद दो-दो, तीन - तीन के समूह में अन्य वाहनों से पुलिस जाब्ते के साथ मतदान करने पहुंचे। विकास अधिकारी नरसिंह राम, तहसीलदार पुष्पेन्द्र पंचाल, डेह तहसीलदार बाबूलाल चौधरी ने एक एक पार्षद से निर्वाचन प्रमाण पत्र व पहचान पत्र की जांच कर तहसील चौराहा मुख्य प्रवेश द्वार से पुलिस जाब्ते के साथ मतदान के लिए रवाना किया। जानकारी के अनुसार नगरपालिका के 25 वार्डों में से कांग्रेस 14, भाजपा 3, रालोपा 1 व निर्दलीय 7 पार्षद निर्वाचित हुए हैं। एक कांग्रेस पार्षद ने बागी होकर निर्दलीय अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ लिया। तीन निर्दलीय प्रत्याशी भी कांग्रेस पार्षदों के साथ मतदान करने पहुंचे।
