बरनेल में भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर, सामूहिक रूप से एक साथ बैठकर सुना प्रधानमंत्री के कार्यक्रम ‘मन की बात
जायल। क्षेत्र के बरनेल गांव में भारतीय जनता पार्टी जायल मंडल द्वारा दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। आवासीय शिविर का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति, इतिहास तथा केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देना रहा।
मंडल महामंत्री मगनसिंह ने बताया कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देशानुसार आयोजित शिविर का शुभारंभ पूर्व प्रदेश मंत्री जगवीर छाबा, पूर्व जिला अध्यक्ष रामनिवास सांखला व जिला महामंत्री धनराज पाराशर ने किया। प्रथम सत्र में वक्ताओं ने संगठन की विचारधारा व कार्यपद्धति पर प्रकाश डाला।
द्वितीय सत्र में पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष गोविंद बोहरा ने भाजपा के इतिहास और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। प्रशिक्षण के दौरान पदम सारस्वत व रामनिवास सांखला ने संगठन के विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
शिविर के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम ‘मन की बात’ को भी सामूहिक रूप से एक साथ बैठकर सुना, जिसमें प्रधानमंत्री के विचारों और संदेशों को आत्मसात करने पर जोर दिया गया।
शिविर में पूर्व मंडल अध्यक्ष रामानुज शर्मा, वरिष्ठ कार्यकर्ता रामदेव राव, कठौती सरपंच प्रतिनिधि सुखाराम चोयल सहित शक्तिकेंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष व विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन पूर्व मंडल महामंत्री स्वर्गीय नरेंद्र वैष्णव की स्मृति में बने हॉल में किया गया, जहां उनके बड़े भाई संपतलाल वैष्णव ने व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली।